बिखरता दिखने लगा सपा का गढ़

कन्नौज। कन्नौज संसदीय सीट पर सपा का गढ़ टूटता दिखने लगा है, यहां भाजपा के सुब्रत पाठक लगातार बढ़त हासिल करते जा रहे हैं। मतगणना के शुरुआती दौर में सपा प्रत्याशी डिंपल यादव आगे रहीं लेकिन रसूलाबाद और छिबरामऊ विधानसभा क्षेत्र की गणना शुरू होते ही पिछड़ती गईं। अबतक की गणना में सुब्रत 23933 वोटों से आगे चल रहे हैं। अभी तक सुब्रत पाठक को 3,23,212 वोट और डिंपल यादव को 2,99,279 वोट मिले हैं।

गठबंधन से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव पिछड़ गई हैं, यहां रसूलाबाद और तिर्वा विधानसभा क्षेत्र ने भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक को बढ़त दिला दी हैं। दस चरणों की मतगणना के बाद गठबंधन प्रत्याशी डिंपल यादव को 10696 मतों से पीछे कर दिया है। अभी तक की गणना में डिंपल को 2,36,518 वोट मिले हैं, जबकि सुब्रत पाठक 2,47,214 वोटों के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

कन्नौज निगम मंडी में हो रही मतगणना में दोपहर तक डिंपल यादव ने भाजपा प्रत्याशी को आगे नहीं निकलने दिया, लेकिन जैसे ही तिर्वा और रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र से परिणाम आए तो सुब्रत ने उछाल मारी और बढ़त बना ली। इससे पहले 9वें राउंड तक डिंपल आगे रहीं और उन्होंने 11 हजार वोटों से लीड ले ली थी। बाद में इन दो विधानसभा क्षेत्रों से सुब्रत को बढ़त हासिल होना शुरू हो गया। वोटों का यह अंतर लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

तीसरे राउंड की मतगणना में डिंपल यादव भाजपा प्रत्याशी सुब्रत पाठक से आगे चल रही हैं। गठबंधन से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव ने 4831 वोटों से बढ़त बना रखी है। अभी तक की मतगणना में डिंपल यादव को 19466 और सुब्रत पाठक को 14635 वोट प्राप्त हुए हैं। दूसरे चरण तक 31142 मतों की गणना में सपा की डिंपल यादव को 18767 और भाजपा के सुब्रत पाठक को 12375 मत मिले। पहले राउंड में 33860 मतों की गणना हुई , इसमें सपा की डिंपल यादव को 18855, भाजपा के सुब्रत पाठक को 15005, शिवसेना (आंनद) को 75 और नोटा में 143 वोट मिले।

सबसे चर्चित कन्नौज सीट पर गुरुवार सुबह आठ बजे से 11.37 लाख मतों की गिनती शुरू है। मतगणना तीन जिलों में हो रही है, क्योंकि कन्नौज, सदर, छिबरामऊ और तिर्वा विधानसभा क्षेत्रों की गणना जीटी रोड स्थित नवीन मंडी में जारी है, वहीं बिधूना की औरैया और रसूलाबाद के मतों की गणना कानपुर देहात में शुरू हो चुकी है। इस सीट के लिए 11,195,490 मतदाताओं में 59.48 फीसद वोट पड़े थे। कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती जारी है।