मणिशंकर के बाद अब दिग्विजय सिंह के बिगड़े बोल

रतलाम। अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भोपाल में लोकसभा चुनाव के दौरान तो चुप रहे, लेकिन जैसे ही भोपाल में मतदान निपटा और दिग्विजय सिंह प्रचार के लिए बाहर निकले, उनके बिगड़े बोल फिर सुनाई दिए। रतलाम के शिवगढ़ में हुई सभा के दौरान दिग्विजयसिंह ने भाजपा नेताओं के लिए नालायक शब्द का उपयोग किया। मणिशंकर अय्यर द्वारा ‘नीच’ शब्द के बाद अब दिग्वियज सिंह के ये बिगड़े बोल कांग्रेस के लिए सिरदर्द बन सकते हैं।

शिवगढ़ में हुई चुनावी सभा में दिग्विजय सिंह ने पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा – युवा मोदी मोदी करते हैं, क्या दिया मोदी ने, रोजगार छीन लिए। वो लोग बोलते हैं कि हिन्दू धर्म खतरे में पड़ जाएगा। अरे नालायकों 500 साल मुसलमानों ने और 100 साल ईसाइयों ने देश पर राज किया, तब हिन्दू धर्म खतरे में नहीं पड़ा तो अब कैसे पड़ जाएगा।

दिग्विजय सिंह यहीं नहीं रूके। सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर दिग्विजय सिंह ने फिर पीएम मोदी पर हमला बोला। उन्होंने कहा- वो कह रहे हैं हमने देश बचा लिया, देश बचा लिया। हमने सर्जिकल स्ट्राइक की। असली सर्जिकल स्ट्राइक इंदिरा गांधी ने पाकिस्तान के दो टुकड़े करके की थी।

बहरहाल दिग्विजय सिंह के बिगड़े बोल से कांग्रेस की परेशानी बढ़ सकती है। इससे पहले वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर द्वारा “नीच” कहे जाने पर खासा बवाल मचा था और ये सियासी मुद्दा बन गया था। अब नालायक जैसे शब्दों के प्रयोग से भाजपा को नया मुद्दा मिलेगा। इससे पूर्व शिवगढ़ में सभा के पहले दोपहर करीब पौने दो बजे दिग्विजय सिंह का हेलीकॉप्टर भाजपा के हेलीपेड के ऊपर हवा में मंडराता रहा। हेलीकॉप्टर को काफी देर तक संकेत नहीं मिले थे। इसके बाद उनका हेलीकॉप्टर यहां से करीब एक किमी दूर बने कांग्रेस के हेलीपेड पर उतर सका।