मतदाता जागरुकताः पुलिस अधीक्षक ने किया स्टीकर का विमोचन

बीकानेर। मतदाता जागरुकता अभियान के तहत गौतम सेवा ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित स्टीकर्स का विमोचन शनिवार को पुलिस अधीक्षक प्रदीप मोहन शर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिले में मतदाता जागरुकता की सतत गतिविधियां चल रही हैं। इसके बेहतर परिणाम आएंगे। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवी संस्थाएं भी इसमें भागीदारी निभाएं और प्रत्येक व्यक्ति तक मतदान का संदेश पहुंचाने का प्रयास करें। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नगर) पवन कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन महत्त्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें प्रत्येक मतदाता को पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभानी चाहिए। स्वीप प्रकोष्ठ के सहप्रभारी राजेन्द्र जोशी ने मतदाता जागरुकता की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सतरंगी सप्ताह के तहत यह अभियान परवान पर रहेगा। गौतम सेवा ट्रस्ट के ओमप्रकाश जोशी ने संस्था की अब तक की गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टीकर्स, घर-घर संपर्क तथा सेल्फी पाइंट के माध्यम से मतदाता जागरुकता अभियान में भागीदारी निभाई गई थी। इस दौरान स्वीप प्रकोष्ठ के गोपाल जोशी, ट्रस्ट के राजेन्द्र जोशी, शिवराज पंचारिया, श्याम पंचारिया, धीरज पंचारिया, विजय पाइवाल, सुशील उपाध्याय, शिवशंकर उपाध्याय, जुगल उपाध्याय, शिवशंकर बच्छ, रामेश्वर पानेचा आदि मौजूद रहे।