थानाधिकारी व आयुक्त एपीओ

जोधपुर। रामनवमी पर सूरसागर में दो गुटों के बीच उपद्रव के मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर होने के बाद दो अधिकारियों पर गाज गिर गई। पुलिस कमिश्नरेट की तथ्यात्मक रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग की अनुमति के बाद गृहमंत्रालय के आदेश पर सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) कानसिंह भाटी व सूरसागर थानाधिकारी भवानीसिंह को हटा कर पदस्थानापन की प्रतीक्षा (एपीओ) में रखा गया है। पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ के अनुसार गत 13 अप्रेल को उत्पात के मामले में एसीपी (प्रतापनगर) कानसिंह भाटी को एपीओ किया गया है। जिसका मुख्यालय जयपुर मुख्यालय किया गया है। जबकि सूरसागर थानाधिकारी भवानी सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। उनका मुख्यालय पुलिस महानिरीक्षक (रेंज) कार्यालय रहेगा। चुनाव आयोग से दोनों अधिकारी बदलने की अनुमति मिलने के बाद गृहमंत्रालय ने सहायक पुलिस आयुक्त कानसिंह भाटी को हटाने के आदेश जारी किए। जबकि थानाधिकारी भवानीसिंह को पुलिस कमिश्नर ने एपीओ किया। पुलिस उपाधीक्षक विक्रम सिंह एसीपी (प्रतापनगर) लगाए गए हैं। जबकि पुलिस निरीक्षक हरिसिंह देपावत को सूरसागर थानाधिकारी लगाया गया है।