अमेठी की जनता को गुमराह कर रही हैं स्मृति ईरानी : प्रियंका गांधी

अमेठी। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज सोमवार को केंद्रीय मंत्री व अमेठी से भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी पर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा कि ईरानी अमेठी और रायबरेली की जनता का अपमान कर रही हैं। प्रियंका ने मंत्री द्वारा स्थानीय लोगों के बीच जूते बांटे जाने पर कहा, “अमेठी और रायबरेली की जनता स्वाभिमानी है। उन्होंने कभी भी किसी के आगे हाथ नहीं फैलाया है। वह (ईरानी) उन्हें अपमानित कर रही हैं.. इन लोगों को भाजपा के लिए वोट की भीख मांगने दो।” स्मृति ईरानी ने 2014 में राहुल गांधी के खिलाफ अमेठी से लोकसभा का चुनाव लड़ा था लेकिन हार गईं थीं। दोनों वीवीआईपी सीटों की जिम्मेदारी संभाल रहीं प्रियंका को अब कांग्रेस महासचीव बनाया गया है। उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश में पार्टी के कामकाज की जिम्मेदारी सौंपी गई है लेकिन वह पूरे देश में चुनाव प्रचार कर रही हैं।

आज सोमवार को प्रियंका इस बात को लेकर गुस्से में थीं कि स्मृति ईरानी जूते बांट कर यह दिखाने की कोशिश कर रही हैं कि क्षेत्र के लोग ने विकास नहीं देखा। उन्होंने कहा, “जाओ, उन्हें बता दो कि अमेठी और राय बरेली की जनता उनका समर्थन करती है जो उनके साथ खड़ा रहता है।” प्रियंका ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगया कि वह यह सब जानबूझकर लोगों का ध्यान मुख्य बातों से हटाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा, “मैं यूपी का दौरा कर रहीं हूं, मैंने किसानों का दुख देखा है जो फसलों के खराब हो जाने की शिकायत करते हैं। मैंने जीएसटी को लेकर छोटे व्यापारियों की चिंताएं सुनी हैं। मैंने युवाओं को रोजगार की शिकायत करते देखा है।”